उज्जैन, 18 नवंबर। सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने बुधवार को सिंहस्थ मेला कार्यालय के सभाकक्ष में विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में लोक निर्माण विभाग, एमपीआरडीसी, नगर निगम, स्मार्ट सिटी और यूडीए के कार्यों की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
स्मार्ट सिटी और सड़क निर्माण कार्यों की समीक्षा
स्मार्ट सिटी के कार्यों के अंतर्गत मेला क्षेत्र में दिशा-सूचक बोर्ड लगाए जाने की भौतिक प्रगति देखी गई। कोठी पैलेस स्थित वीर भारत संग्रहालय के जीर्णोद्धार का लगभग 42 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। कलेक्टर ने शेष कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। झालरिया मठ से रामघाट तक मार्ग चौड़ीकरण और बड़ा गणेश मंदिर के सामने सड़क निर्माण को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने को कहा गया।
नगर निगम ने जानकारी दी कि कालभैरव मंदिर के नवीनीकरण का काम शुरू हो गया है और मंदिर परिसर में नदी की ओर आकर्षक रेलिंग बनाई गई है। शहर के प्रमुख प्रवेश मार्गों पर स्वागत द्वार बनाने के लिए टेंडर प्रक्रिया जारी है। यूनिटी मॉल के सामने एफआरसी (फाइबर रीइन्फोर्स्ड कंक्रीट) का काम तेजी से चल रहा है।
सीवरेज, पार्किंग और चौराहों के काम में तेजी
कलेक्टर ने सीवरेज पाइपलाइन बिछाने का काम विभागों के आपसी समन्वय से समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। रीगल टॉकीज में पार्किंग व्यवस्था और चौड़ीकरण का काम शीघ्र पूरा करने तथा जहां मार्किंग हो चुकी है वहां तुरंत काम शुरू करने को कहा गया। प्रमुख चौराहों के सौंदर्यीकरण के लिए संबंधित इंजीनियरों और निर्माण एजेंसियों के ठेकेदारों को स्थल निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए।
जंतर-मंतर से सॉलिटेयर होटल तक सीसी रोड दिसंबर तक पूरा करने और लगभग 80 प्रतिशत पूर्ण शांति नगर मुख्य मार्ग को शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए गए। महाकालेश्वर मंदिर के आसपास चल रहे निर्माण कार्यों में भी तेजी लाने को कहा गया।
गुणवत्ता और समयसीमा पर विशेष जोर
कलेक्टर श्री सिंह ने सभी विभागों को निर्माण कार्यों के दौरान आपसी समन्वय बनाए रखने, भूमि अधिग्रहण संबंधी समस्याओं की जानकारी तत्काल देने और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। नई सड़कों सहित सभी निर्माण कार्य तय समयसीमा में पूरे कराने को कहा गया।