भोपाल, 18 नवंबर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रेजांगला के वीर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि रेजांगला में भारतीय सैनिकों की लड़ाई देश के सैन्य इतिहास में साहस और सर्वोच्च बलिदान का गौरवशाली अध्याय है। रेजांगला के वीरों का शौर्य पूरी दुनिया याद रखेगी।
मुख्यमंत्री ने बुधवार को गांधीसागर से नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में श्रीकृष्ण यादव महासभा द्वारा आयोजित रेजांगला शौर्य एवं यदुकुल सम्मान दिवस कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित किया। कार्यक्रम 1962 के भारत-चीन रेजांगला युद्ध के शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए आयोजित किया गया था।
मेजर शैतान सिंह भाटी के नेतृत्व और पराक्रम को नमन
मुख्यमंत्री ने कहा कि 1962 के युद्ध में भारत माता के वीर सपूतों ने अद्भुत शौर्य और वीरता का प्रदर्शन किया। कुमाऊं रेजिमेंट के 120 रणबांकुरों के नेतृत्वकर्ता शहीद मेजर शैतान सिंह भाटी ने बर्फीली पहाड़ियों में कठिन परिस्थितियों के बीच कुशल नेतृत्व का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।
उन्होंने कहा कि रेजांगला की भूमि पर भारतीय सैनिकों की वीरता ने संख्या को चुनौती दी, साहस ने संकट को पराजित किया और राष्ट्रभक्ति ने मृत्यु को मात दी। सैनिकों की शक्ति केवल उनके हथियारों में नहीं, बल्कि उनके हृदय में होती है। यह गौरव किसी जाति या समाज तक सीमित नहीं, बल्कि पूरे भारतवर्ष का गौरव है।
सेना के आधुनिकीकरण और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल में भारतीय सेना आधुनिक हो रही है और देश का रक्षा उत्पादन बढ़ रहा है। भारतीय सैनिक हर चुनौती का जवाब देने के लिए तैयार हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में दीपावली के अवसर पर गोवर्धन पूजा के आयोजन और भगवान श्रीकृष्ण से जुड़े लीला स्थलों को तीर्थ के रूप में विकसित करने की पहल का उल्लेख किया। उन्होंने गौपालन को प्रोत्साहित करने, श्रीकृष्ण के साहस और पुरुषार्थ तथा भगवद्गीता के कर्म संदेश को भी याद किया। कार्यक्रम में श्रीकृष्ण यादव महासभा के पदाधिकारी उपस्थित थे।