भोपाल, 18 नवंबर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि देश और प्रदेश की आर्थिक प्रगति में व्यापारियों का महत्वपूर्ण योगदान है। सरकार औद्योगिक विकास के साथ व्यापार-व्यवसाय को भी नई गति देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, ताकि युवाओं और जरूरतमंदों के लिए रोजगार के अधिक अवसर बनें।
मुख्यमंत्री बुधवार शाम कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय सभागार में कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के नवनियुक्त पदाधिकारियों, मध्यप्रदेश इकाई की नई कार्यकारिणी और 55 जिलों के कैट अध्यक्षों के पदभार ग्रहण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों को बधाई देते हुए ‘समृद्ध व्यापारी-समृद्ध मध्यप्रदेश’ के संकल्प की शपथ दिलाई।
प्रदेश के 22 लाख व्यापारियों का प्रतिनिधित्व
मुख्यमंत्री ने कहा कि कैट प्रदेश के 55 जिलों में इकाइयों के माध्यम से सक्रिय है और 22 लाख व्यापारियों का प्रतिनिधित्व करता है। छोटे दुकानदारों से लेकर बड़े उद्योगपतियों तक सभी का योगदान मध्यप्रदेश की अर्थव्यवस्था को गति देता है। कैट द्वारा शुरू की जा रही ‘समृद्ध व्यापारी-समृद्ध मध्यप्रदेश’ पहल इसी भावना का प्रतीक है। 55 जिलों के बाजारों की मिट्टी लेकर समृद्धि कलश यात्राओं का समारोह में पहुंचना प्रेरणादायी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। डिजिटल भुगतान, ई-कॉमर्स, जीएसटी व्यवस्था, स्टार्टअप और आधुनिक तकनीक ने व्यापार के नए अवसर खोले हैं। प्रदेश में 12 लाख करोड़ रुपये के निवेश धरातल पर आ चुके हैं। उद्योग और व्यापार एक-दूसरे के पूरक बनकर राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती देंगे।
नए व्यापारियों के मार्गदर्शन पर जोर
राष्ट्रीय मीडिया संयोजक श्री आशीष ऊषा अग्रवाल ने कहा कि कैट को नए व्यापारियों के मार्गदर्शन के लिए मेंटॉरशिप कार्यक्रम चलाना चाहिए। उन्होंने व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए कल्याण बोर्ड बनाए जाने की पहल का उल्लेख किया।
समारोह में कैट प्रदेश अध्यक्ष श्री भूपेन्द्र जैन, उपाध्यक्ष श्री राजीव कुकरेजा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री रमेश गुप्ता, श्री सुनील अग्रवाल, श्री राजू चांदमल जैन, श्री राजीव बडेरिया, श्री राजकुमार गुप्ता और श्री गोविंद असाटी सहित प्रदेश के 55 जिलों से आए व्यापारी, युवा और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।