भोपाल, 18 नवंबर। राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राज्यों के स्थापना दिवस समारोह की पहल भारत की सांस्कृतिक विविधता, राष्ट्रीय एकता और साझा विकास यात्रा को नई पहचान दे रही है। ऐसे आयोजन राष्ट्रीय एकता को नई ऊर्जा देते हैं और देशवासियों के राष्ट्रप्रेम तथा संवैधानिक भावना को मजबूत करते हैं।
राज्यपाल बुधवार को लोकभवन के सांदीपनि सभागार में उत्तराखण्ड एवं झारखण्ड के संयुक्त स्थापना दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने दोनों राज्यों के निवासियों को स्थापना दिवस की बधाई दी। समारोह में राज्यपाल के प्रमुख सचिव डॉ. नवनीत मोहन कोठारी भी मौजूद थे।
उत्तराखण्ड की प्रकृति और झारखण्ड की जनजातीय विरासत
राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखण्ड प्रकृति संरक्षण, जल संवर्धन और पर्यावरण संतुलन की प्रेरणा देता है। हिमालय, गंगा-यमुना और चारधाम इसकी वैश्विक पहचान हैं। छोलिया, झोड़ा, छपेली, फूलदेई और कुमाऊंनी-गढ़वाली लोकगीत इसकी समृद्ध लोक परंपराओं के उदाहरण हैं।
झारखण्ड के जलप्रपात, नेतरहाट, बेतला राष्ट्रीय उद्यान, दलमा अभयारण्य और साल के वन जैव विविधता के अनमोल उदाहरण हैं। भगवान बिरसा मुंडा, सिद्धो-कान्हू और तिलका मांझी की विरासत जनजातीय स्वाभिमान और स्वतंत्रता के संघर्ष का संदेश देती है। राज्यपाल ने झारखण्ड के खनिज संसाधनों और सरहुल, करमा, सोहराय, छऊ नृत्य तथा जनजातीय चित्रकला की सांस्कृतिक पहचान का भी उल्लेख किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजा समारोह
कार्यक्रम के प्रारंभ में कुमाऊं समाज भोपाल के प्रतिनिधि श्री सुरेश कर्नाटक, गढ़वाली समाज के प्रतिनिधि श्री विजय सिंह नेगी और झारखण्ड समाज भोपाल के प्रतिनिधि श्री उम्बुल रंजीत तिरू ने राज्यपाल का पुष्पगुच्छ, शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया। राज्यपाल ने दोनों राज्यों की बालिकाओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना की और प्रतिभागियों को ट्रॉफी एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
समारोह में उत्तराखण्ड के राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन और झारखण्ड के राज्यपाल श्री संतोष कुमार गंगवार के वीडियो संदेश तथा दोनों राज्यों के परिचय पर आधारित लघु फिल्में दिखाई गईं। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के विकास और वैभव पर आधारित लघु फिल्म का प्रसारण भी हुआ।