उज्जैन। बाबा महाकाल की शाही सवारी में करीब नौ साल तक भगवान के सारथी बनकर चलने वाले श्यामू हाथी को बेहतर इलाज के लिए गुजरात के जामनगर स्थित वनतारा भेजा गया है। लंबे समय से टीबी और पैरों के टेढ़ेपन की समस्या से जूझ रहे श्यामू का उपचार अब वनतारा के पशु चिकित्सा केंद्र में विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में होगा।
वनतारा की 15 सदस्यीय टीम दो विशेष वाहनों—रेस्क्यू ट्रक और पानी के टैंकर—के साथ उज्जैन पहुंची थी। उज्जैन वन विभाग, वनतारा के पशु चिकित्सकों और महावतों की मौजूदगी में श्यामू को सुरक्षित रवाना किया गया। नए माहौल में उसे अकेलापन महसूस न हो और देखभाल बेहतर हो सके, इसके लिए उसके परिवार के दो सदस्य हरिनारायण और शिवनारायण भी साथ गए हैं।
स्थानीय इलाज से नहीं मिल रहा था आराम
इंदौर रोड स्थित साईंनाथ कॉलोनी में अपने मालिक सरमन गिरि के साथ रहने वाले श्यामू की सेहत पिछले कुछ समय से लगातार बिगड़ रही थी। उज्जैन वन विभाग के डीएफओ अनुराग तिवारी के अनुसार श्यामू टीबी से पीड़ित था और पैरों के टेढ़ेपन की समस्या से भी जूझ रहा था। स्थानीय स्तर पर इलाज के बावजूद अपेक्षित सुधार नहीं होने के कारण उसे वनतारा भेजने का निर्णय लिया गया।
करीब पांच महीने पहले इंदौर चिड़ियाघर के प्रभारी उत्तम यादव, पशु चिकित्सक डॉ. मुकेश जैन और पन्ना टाइगर रिजर्व के डॉ. संजय गुप्ता की टीम श्यामू के सैंपल लेने पहुंची थी। उस समय मालिक के परिवार ने विरोध किया था। बाद में हाथी की बिगड़ती सेहत को देखते हुए मालिक ने स्वेच्छा से उसे दान करने के लिए लिखित आवेदन दिया। भोपाल से ट्रांसपोर्ट परमिट जारी होने के बाद उसे वनतारा भेजने की प्रक्रिया पूरी हुई।
मालिक को दूसरा हाथी, महावतों को वनतारा में नौकरी
प्राप्त जानकारी के अनुसार सहमति के तहत वनतारा प्रबंधन श्यामू के मालिक को दूसरा हाथी उपलब्ध कराएगा। श्यामू की देखभाल के लिए जामनगर गए हरिनारायण और शिवनारायण को वनतारा में नौकरी दी गई है। उन्हें 30 से 40 हजार रुपये मासिक वेतन और रहने की निशुल्क सुविधा दी जाएगी।
नौ साल तक निभाई बाबा महाकाल की सेवा
श्यामू के मालिक के अनुसार वर्ष 2006 में रामू हाथी के साथ बाबा महाकाल की सेवा का सिलसिला शुरू हुआ था। वर्ष 2016 के बाद श्यामू ने यह जिम्मेदारी संभाली और 2025 तक लगातार महाकाल की शाही सवारी की शोभा बढ़ाई। परिवार के सदस्य की तरह पले-बढ़े श्यामू को बेहतर इलाज के लिए विदा करते समय उज्जैनवासियों की आंखें नम हो गईं।
चित्र सांकेतिक है। यह श्यामू हाथी के वास्तविक प्रस्थान का फोटो नहीं है।