उज्जैन, 18 नवंबर। सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने बागवानी क्षेत्र के विस्तार की योजना बनाई है। कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को हुई उद्यानिकी विभाग की समीक्षा बैठक में पुष्प उत्पादन बढ़ाने और इसे प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
सिंहस्थ के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए फूलों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई। उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण विभाग द्वारा एकीकृत बागवानी मिशन (MIDH) योजना के अंतर्गत वर्ष 2026-27 में सब्जी एवं पुष्प क्षेत्र विस्तार कार्यक्रम लागू किया जा रहा है। इसके तहत किसानों को आदान सामग्री के रूप में अनुदान दिया जाएगा।
सब्जी क्षेत्र विस्तार: 120 गांवों में 1,963 हेक्टेयर
योजना के अंतर्गत जिले के सभी छह विकासखंडों में 12 क्लस्टर चुनकर 120 गांवों में कुल 1,963 हेक्टेयर क्षेत्र में संकर सब्जियों का विस्तार किया जाएगा। इनमें भिंडी, टमाटर, हरी मिर्च, फूलगोभी, पत्तागोभी और कद्दू प्रमुख हैं। किसानों को प्रति हेक्टेयर 60 हजार रुपये की इकाई लागत पर 40 प्रतिशत यानी 24 हजार रुपये की आदान सामग्री अनुदान के रूप में दी जाएगी।
पुष्प क्षेत्र विस्तार: 67 गांवों में 1,199.50 हेक्टेयर
सिंहस्थ-2028 के लिए पुष्प उत्पादन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सभी छह विकासखंडों में छह क्लस्टर चुनकर 67 गांवों में 1,199.50 हेक्टेयर क्षेत्र में लूज फ्लावर का विस्तार होगा। इसमें मुख्य रूप से संकर गेंदा की खेती कराई जाएगी। किसानों को प्रति हेक्टेयर 50 हजार रुपये की इकाई लागत पर 40 प्रतिशत यानी 20 हजार रुपये की आदान सामग्री दी जाएगी।
MPFSTS पोर्टल से करें ऑनलाइन आवेदन
पात्र किसान MPFSTS पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्राप्त आवेदनों में से पात्र हितग्राहियों का चयन संचालनालय द्वारा शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार ऑनलाइन लॉटरी से किया जाएगा। चयनित किसानों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अनुदान मिलेगा।
क्लस्टरों की जानकारी, पात्रता, जरूरी दस्तावेज और आवेदन प्रक्रिया के लिए किसान जिला उद्यानिकी कार्यालय अथवा संबंधित विकासखंड के उद्यानिकी कार्यालय में कार्यालयीन समय पर संपर्क कर सकते हैं। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि बागवानी, विशेषकर पुष्प उत्पादन को मजबूत करने से किसानों की आय बढ़ेगी और सिंहस्थ के दौरान फूलों की मांग पूरी करने में मदद मिलेगी।