शाजापुर
Trending

शाजापुर को बड़ी सौगात: कालापीपल में CM मोहन यादव का बड़ा ऐलान— ‘अब रात में नहीं, दिन में ही किसानों को मिलेगी सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली’

Farmers Prosperity Resolve Convention

अवंतिका टाइम्स/मनीष कुमार/शाजापुर ब्यूरो। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने साफ कर दिया है कि प्रदेश की विकास यात्रा में ‘कृषि और कृषक’ सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता हैं। शाजापुर जिले की कालापीपल तहसील में आयोजित भव्य ‘किसान समृद्धि संकल्प सम्मेलन’ को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए ₹30.86 करोड़ की लागत वाले 12 विभिन्न विकास कार्यों का भूमि पूजन एवं लोकार्पण किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री का स्वागत पारंपरिक रूप से गजमाला और हल भेंटकर किया गया, वहीं महिला किसानों ने उन्हें राखी बांधी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत कृषि उपज मंडी प्रांगण में पौधरोपण भी किया।

चुनौती होगी खत्म: रात के अंधेरे से मिलेगी मुक्ति, दिन में मिलेगी बिजली

सम्मेलन में किसानों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक बेहद संवेदनशील और बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि किसानों को अब कड़कड़ाती ठंड या रात के अंधेरे में सिंचाई के लिए खेतों में नहीं भटकना पड़ेगा। सरकार चरणबद्ध तरीके से ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित कर रही है जिससे किसानों को दिन के समय ही सिंचाई के लिए पर्याप्त और निर्बाध बिजली मिल सके।

किसानों के हित में सीएम के बड़े ऐलान:

  • एक साल, एक लोन: अब किसानों को खरीफ और रबी फसलों के लिए अलग-अलग चक्कर नहीं काटने होंगे। पूरे साल के लिए एक ही फसल ऋण (Crop Loan) उपलब्ध कराया जाएगा।

  • शाजापुर के हर गांव में नर्मदा जल: मुख्यमंत्री ने प्रतिबद्धता दोहराई कि जिले के आखिरी गांव तक नर्मदा का पानी पहुंचाया जाएगा।

  • नदी जोड़ो परियोजना से कायाकल्प: पार्वती-कालीसिंध-चंबल (PKC) और केन-बेतवा लिंक परियोजना के जरिए प्रदेश की लाखों हेक्टेयर सूखी भूमि सिंचित होगी।

कालापीपल ने बनाया रिकॉर्ड: ‘वृक्ष गंगा अभियान’ में 4 लाख पौधे

यह भी पढ़े – स्कूलों में बच्चों को सिखाना होगा ‘गुड टच-बैड टच’

पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कालापीपल ने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। ‘हर भरा कालापीपल’ और ‘एक पेड़ माँ के नाम’ मुहिम के तहत क्षेत्र में 4 लाख पौधे रोपने का नया रिकॉर्ड बनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहन राशि देने और दूध का उत्पादन बढ़ाने के लिए गोपालकों को विशेष आर्थिक सहायता देने की बात भी कही।

इसके साथ ही उन्होंने महिला सशक्तिकरण का जिक्र करते हुए बताया कि लाड़ली बहना योजना के तहत अब तक प्रदेश की बहनों के खातों में करीब ₹60,000 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की जा चुकी है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई ताकत मिली है।

शिक्षा और स्वास्थ्य का हब बनेगा शाजापुर

कार्यक्रम में मौजूद उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री श्री इंदरसिंह परमार ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में शाजापुर जिला शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। शाजापुर में मेडिकल कॉलेज और शुजालपुर में आयुर्वेदिक कॉलेज की स्थापना के साथ ही कई सांदीपनि विद्यालय खोले जा रहे हैं, जिससे स्थानीय छात्रों को पढ़ाई के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।

₹30.86 करोड़ के विकास कार्यों का हिसाब-किताब

मुख्यमंत्री ने जिन विकास कार्यों की सौगात दी, उनमें मुख्य रूप से निम्नलिखित शामिल हैं:

इन कार्यों का हुआ भूमि-पूजन (लागत ₹1.45 करोड़):

  • भैंसायागढ़ा शासकीय स्कूल में 5 अतिरिक्त कक्ष, फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी लैब का निर्माण।

  • कालापीपल के विभिन्न वार्डों में टीन शेड और सीसी रोड का निर्माण।

इन कार्यों का हुआ लोकार्पण (लागत ₹29.40 करोड़):

  • कुमेर, कोलबा, मोहम्मदपुर मछनई सहित 6 ग्राम पंचायतों में अटल पंचायत भवन।

  • ग्राम खरदौनकलां में नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) और स्टाफ आवास।

  • शुजालपुर-आष्टा मार्ग से अवंतिपुर बड़ोदिया मार्ग पर पुल निर्माण और भैंसायागढ़ा से पिपल्या नगर मार्ग पर पुलिया निर्माण।

  • खेजड़िया में स्टॉप डैम सह कॉजवे (बैराज) का निर्माण।

जनता ने पलक-पावड़े बिछाकर किया स्वागत

सम्मेलन से पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कालापीपल की सड़कों पर एक भव्य रोड शो किया। नायरा पेट्रोल पंप से शुरू होकर सभा स्थल तक पहुंचे इस रोड शो में जनता का हुजूम उमड़ पड़ा। विभिन्न सामाजिक, व्यापारिक और धार्मिक संगठनों ने मंच बनाकर पुष्पवर्षा की और मुख्यमंत्री को पारंपरिक साफा पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया।

इस अवसर पर क्षेत्रीय सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी, विधायक घनश्याम चंद्रवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष हेमराज सिंह सिसोदिया, संभागायुक्त आशीष सिंह, कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना और पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रियंका शुक्ला सहित बड़ी संख्या में साधु-संत और आम नागरिक उपस्थित रहे।

जुड़िये हमारे व्हॉटशॉप अकाउंट से-  

Related Articles

Back to top button