भोपाल
Trending

युवाओं के सपनों को मिलेगी नई उड़ान: मध्य प्रदेश में वर्ष 2027 होगा ‘युवा वर्ष’, डिजिटल क्रिएटर्स के लिए सीएम डॉ. यादव ने की ‘डिजिटल कंटेंट अवॉर्ड’ की घोषणा

MP Youth Conclave 2026

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य के युवाओं के सशक्तिकरण और राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी को लेकर एक बड़ा विजन पेश किया है। इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित भव्य ‘माय यूथ-माय प्राइड कॉन्क्लेव’ का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए हर संभव वित्तीय और ढांचागत मदद देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने घोषणा की कि आगामी वर्ष 2027 को मध्य प्रदेश में ‘युवा वर्ष’ के रूप में समर्पित किया जाएगा

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश के 2 करोड़ से अधिक युवा न केवल सूबे की समृद्धि के सूत्रधार बनेंगे, बल्कि वे ‘विकसित भारत @2047’ के संकल्प को पूरा करने में भी रीढ़ की हड्डी साबित होंगे।

डिजिटल इंफ्लूएंसर्स के लिए ‘डिजिटल कंटेंट अवॉर्ड’ का ऐलान

इंदौर, उज्जैन, धार और मालवा-निमाड़ क्षेत्र से आए 200 से अधिक शीर्ष डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स और सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स से सीधा संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने उनके काम को सराहा। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में युवा केवल कंटेंट नहीं बना रहे, बल्कि समाज की वैचारिक दिशा भी तय कर रहे हैं।

सकारात्मक सोच, सामाजिक सरोकार और नवाचार को बढ़ावा देने वाले क्रिएटर्स को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सीएम डॉ. यादव ने राज्य में ‘डिजिटल कंटेंट अवॉर्ड’ शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपनी रचनात्मकता का उपयोग जन-जागरूकता और सामाजिक बदलाव के लिए करें।

यह भी पढ़े

“नशा, नाश की जड़ है”: CM मोहन यादव ने किया ‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ अभियान का शंखनाद; युवाओं से की खास अपील

हुनरमंद युवा बनेंगे रोजगार प्रदाता: सरकार देगी स्पेशल ट्रेनिंग

मुख्यमंत्री ने युवाओं को केवल नौकरी तलाशने वाला बनने के बजाय आत्मनिर्भर उद्यमी (रोजगार प्रदाता) बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदमों को रेखांकित करते हुए कहा:

  • ग्लोबल स्किल पार्क: भोपाल स्थित संत रविदास ग्लोबल स्किल पार्क जैसे अत्याधुनिक संस्थानों के माध्यम से युवाओं को वैश्विक स्तर की स्पेशल ट्रेनिंग और कौशल उन्नयन के अवसर दिए जा रहे हैं।

  • उद्योगों को प्रोत्साहन सहायता: यदि कोई युवा अपना उद्योग स्थापित करता है और स्थानीय लोगों को रोजगार देता है, तो प्रदेश सरकार प्रत्येक श्रमिक के वेतन में ₹5,000 तक की प्रोत्साहन सहायता प्रदान कर रही है।

  • सस्ता शिक्षा ऋण: मेडिकल और उच्च शिक्षा की राह आसान करने के लिए सरकार युवाओं को बेहद सुलभ शर्तों पर शिक्षा ऋण (Education Loan) मुहैया करा रही है।

ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा: होम-स्टे योजना से खुलेगा स्वरोजगार

ग्रामीण अंचलों में छिपी प्रतिभा और संभावनाओं को उजागर करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में ‘होम-स्टे’ विकसित करने के लिए युवाओं को विशेष आर्थिक सहायता दे रही है। इससे न केवल मध्य प्रदेश के पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि ग्रामीण युवाओं को उनके घर के पास ही सम्मानजनक रोजगार मिल सकेगा।

क्रांतिकारी फैसलों से बदल रही तस्वीर: मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीरो बैलेंस जनधन खातों और यूपीआई (UPI) क्रांति का जिक्र करते हुए इसे वित्तीय समावेशन का दुनिया का सबसे बड़ा कदम बताया। उन्होंने इंदौर में नर्मदा जल की उपलब्धता, केन-बेतवा लिंक परियोजना और पीकेसी नदी लिंक जैसी ऐतिहासिक परियोजनाओं का भी उदाहरण दिया।

मानवीय संवेदनाओं को सम्मान: ‘राहवीर योजना’

सड़क हादसों में लोगों की जान बचाने के प्रति समाज को जागरूक करने के लिए मुख्यमंत्री ने ‘राहवीर योजना’ का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की मदद करने वाले नागरिकों को सरकार की ओर से ₹25,000 की प्रोत्साहन राशि और सम्मान दिया जा रहा है। इसके साथ ही, गंभीर रूप से बीमार और जरूरतमंदों के लिए ‘पीएम हेली सेवा’ और ‘पीएमश्री एयर एंबुलेंस’ जैसी जीवनदायिनी सेवाएं भी संचालित की जा रही हैं।

युवाओं ने सौंपा ‘विकसित मध्यप्रदेश @2047’ का ब्लूप्रिंट

इस ऐतिहासिक कॉन्क्लेव के दौरान विभिन्न क्षेत्रों के युवा चिंतकों और प्रोफेशनल्स ने गहन मंथन के बाद तैयार किया गया ‘मध्यप्रदेश युवा संकल्प-2026’ का मसौदा मुख्यमंत्री को सौंपा। मुख्यमंत्री ने इस ड्राफ्ट की सराहना करते हुए कहा कि इसमें मिले महत्वपूर्ण सुझावों के आधार पर ही राज्य की आगामी ‘युवा नीति’ का निर्धारण किया जाएगा।

विभिन्न क्षेत्रों से आए युवाओं के प्रमुख विचार:

  • शिक्षा, कौशल और खेल: सुश्री कशिश आहूजा, श्री संकल्प सिंह चौहान और सुश्री अमीक अमानी ने शिक्षा और खेल के विकास से जुड़े संकल्पों का वाचन किया।

  • स्वास्थ्य और डिजिटल क्रांति: डॉ. महक भंडारी ने बताया कि ‘आभा आईडी’ (Abha ID) के माध्यम से मरीजों की सभी मेडिकल रिपोर्ट्स अब मोबाइल पर डिजिटल रूप में उपलब्ध हैं। उन्होंने युवाओं से ‘सिंहस्थ 2028’ में स्वास्थ्य स्वयंसेवक बनने का आह्वान किया।

  • स्टार्टअप और एमएसएमई: सुश्री सानिया जसवानी ने एमएसएमई सेक्टर में युवाओं की नई ऊर्जा और नवाचारों पर प्रकाश डाला।

  • प्राकृतिक खेती और फूड प्रोसेसिंग: युवा कृषक श्री लखन पाटीदार और श्री जितेंद्र पाटीदार ने संरक्षित खेती (पॉलीहाउस) और डिजिटल मार्केटिंग के जरिए जैविक उत्पादों को सीधे बाजार में बेचकर आय दोगुनी करने का मंत्र साझा किया।

कॉन्क्लेव की प्रमुख और अनौपचारिक झलकियां

  • आजाद बाइक रैली को हरी झंडी: मुख्यमंत्री ने अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की जन्मस्थली भाभरा (चंद्रशेखर आजाद नगर) के लिए आयोजित बाइक रैली और ओंकारेश्वर के लिए साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

  • खुद चलाई बाइक, दिया सुरक्षा का संदेश: युवाओं का उत्साह बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री खुद भी मोटरसाइकिल पर सवार हुए। उन्होंने हेलमेट पहनकर युवाओं को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के पालन का कड़ा संदेश दिया।

  • मालवी जायके और लाइव म्यूजिक का आनंद: कार्यक्रम स्थल पर लगे इंदौरी फूड स्टॉल्स पर मुख्यमंत्री ने मालवा के प्रसिद्ध व्यंजनों—शिकंजी, भुट्टे की किस, कांजी वड़ा और रसगुल्ले का स्वाद लिया। उन्होंने लाइव म्यूजिक बैंड और ऑर्केस्ट्रा की प्रस्तुति दे रहे कलाकारों के बीच मंच पर पहुंचकर उनका हौसला बढ़ाया और युवाओं के साथ सेल्फियां भी खिंचवाईं।

गरमामयी उपस्थिति: इस अवसर पर प्रमुख सचिव (औद्योगिक नीति एवं निवेश संवर्धन) श्री राघवेंद्र कुमार सिंह, जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, इंदौर सांसद श्री शंकर लालवानी, पूर्व मंत्री व विधायक सुश्री ऊषा ठाकुर, श्री महेंद्र हार्डिया, विधायक श्री मधु वर्मा, श्रीमती मालिनी गौड़, श्री गोलू शुक्ला, महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद, शोधकर्ता और युवा उद्यमी उपस्थित रहे।

जुड़िये हमारे व्हॉटशॉप अकाउंट से-  

Related Articles

Back to top button