उज्जैन
Trending

सड़क हादसों पर रोक और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए उज्जैन कलेक्टर सख्त, ब्लैक स्पॉट दुरुस्त करने व सीपीआर ट्रेनिंग के निर्देश

सड़क हादसों पर अंकुश लगाने कलेक्टर सख्त, महाकाल क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने और पार्किंग व्यवस्था के निर्देश

उज्जैन सड़क सुरक्षा समिति

प्रशासनिक संकुल भवन के सभाकक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर रोशन कुमार सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा, नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ श्रेयांस कूमट और महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के प्रशासक प्रथम कौशिक सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क हादसों में होने वाली मौतों को रोकने के लिए जिले भर के सभी ‘ब्लैक स्पॉट्स’ (दुर्घटना संभावित क्षेत्र) को तुरंत दुरुस्त किया जाए।

दुर्घटना पीड़ितों को तुरंत मिले इलाज, जनसेवा प्रहरियों को मिलेगी CPR ट्रेनिंग

कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को समय पर तुरंत इलाज मिलना सुनिश्चित किया जाए। आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए जनसेवा प्रहरियों और आम नागरिकों को समय-समय पर सीपीआर (CPR) की ट्रेनिंग दी जाए। इसके अलावा, सड़क निर्माण करने वाले सभी विभागों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने मार्गों पर दुर्घटना संभावित क्षेत्रों को चिन्हित कर सुधार कार्य कराएं और हादसों की पूरी जानकारी रिकॉर्ड में रखें।

यह भी पढ़े

श्रावण मास में प्लास्टिक मुक्त बनेगी महाकाल की नगरी उज्जैन, भंडारों के लिए नगर निगम ने जारी किए सख्त निर्देश

श्रावण मास और महाकाल सवारी को लेकर ट्रैफिक व्यवस्था पर विशेष ध्यान

आगामी श्रावण मास में भगवान श्री महाकालेश्वर की सवारी और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए यातायात सुगमता के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए:

  • अतिक्रमण पर कार्रवाई: चारधाम मंदिर से हरसिद्धि मंदिर तक सड़क पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए गए।

  • सवारी व पिक-ड्रॉप नियम: ऑटो रिक्शा और ई-रिक्शा चालकों द्वारा बीच सड़क पर वाहन रोककर सवारी बैठाने या उतारने पर सख्त पाबंदी रहेगी। हरि फाटक ब्रिज से गुदरी मार्ग तक ई-रिक्शा और ऑटो के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।

  • नीलकंठ द्वार व नृसिंह घाट: महाकाल मंदिर परिसर के नीलकंठ द्वार पर लगने वाले जाम को दूर करने और नृसिंह घाट टर्निंग पर उभरे हुए चैंबर को समतल (लेवल) करने के निर्देश दिए गए।

  • पार्किंग व पैचवर्क: बेगम बाग के अतिक्रमण मुक्त भूखंडों और कर्कराज पार्किंग स्थल का उपयोग वाहन पार्किंग के लिए किया जाएगा। इसके अलावा, सी-21 मॉल टर्निंग, मन्नत गार्डन और वाकणकर ब्रिज के आसपास के गड्ढों के समतलीकरण का काम तत्काल पूरा करने को कहा गया।

FAQs

Q1. उज्जैन सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता किसने की?

उत्तर: बैठक की अध्यक्षता उज्जैन के कलेक्टर श्री रोशन कुमार सिंह ने की।

Q2. महाकाल मंदिर क्षेत्र में ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए क्या निर्णय लिए गए?

उत्तर: हरि फाटक से गुदरी तक ऑटो व ई-रिक्शा के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है, नीलकंठ द्वार पर जाम की स्थिति सुधारने और बेगम बाग के खाली भूखंडों को पार्किंग के रूप में उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं।

जुड़िये हमारे व्हॉटशॉप अकाउंट से-  

Related Articles

Back to top button