लाल सलाम के बाद अब ‘नशे’ का खात्मा: मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दी ड्रग माफियाओं को सख्त चेतावनी, प्रदेश में ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति लागू
Mp Zero Tolerance Policy Against Drugs
भोपाल। मध्यप्रदेश को पूरी तरह नशा मुक्त बनाने के लिए राज्य सरकार ने अब तक का सबसे बड़ा मोर्चा खोल दिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल के रवीन्द्र भवन में आयोजित एक भव्य समारोह में ‘नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 जागरूकता अभियान’ का शंखनाद किया। यह विशेष अभियान 15 जुलाई से 30 जुलाई तक पूरे प्रदेश में बड़े पैमाने पर चलाया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने दोटूक शब्दों में कहा कि जिस तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में मध्यप्रदेश ने डेडलाइन से पहले नक्सलवाद को नेस्तनाबूद कर ‘लाल सलाम’ को आखिरी सलाम कह दिया है, ठीक उसी तरह अब संगठित नशा माफियाओं की कमर तोड़ी जाएगी।
अवैध नशे के कारोबार पर होगी ऐसी कार्रवाई जो ‘नजीर’ बने
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि नशे के अवैध कारोबार में लिप्त गिरोहों के खिलाफ किसी भी तरह की नरमी न बरती जाए। सरकार ने इसके लिए जीरो टॉलरेंस (Zero Tolerance) की नीति अपनाई है।
“नशा सिर्फ एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को तबाह कर देता है। माफियाओं के खिलाफ पुलिस ऐसी सख्त कार्रवाई करे जो पूरे देश के लिए एक नजीर बन जाए। वर्ष 2029 तक भारत को नशा मुक्त करने के संकल्प में मध्यप्रदेश अग्रणी भूमिका निभाएगा।” — डॉ. मोहन यादव, मुख्यमंत्री, म.प्र.
19 धार्मिक स्थलों पर नशा और शराबबंदी लागू
राज्य सरकार ने अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए प्रदेश के 19 प्रमुख धार्मिक स्थलों के आसपास पूरी तरह से नशा और शराबबंदी लागू कर दी है। इस अभियान में सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं को भी बड़े पैमाने पर जोड़ा जा रहा है।
यह भी पढ़े–
स्कूल-कॉलेजों में शुरू हुआ 4-क्रेडिट का विशेष कोर्स
युवा पीढ़ी को नशे के जाल से बचाने के लिए मध्यप्रदेश सरकार ने एक अनोखी पहल की है। उच्च शिक्षा विभाग के सहयोग से कॉलेजों में नशा मुक्ति और मानसिक स्वास्थ्य (Mental Health) पर आधारित एक विशेष चार-क्रेडिट कोर्स (4-Credit Course) लॉन्च किया गया है। इसके अलावा, स्कूल शिक्षा विभाग के साथ मिलकर छात्रों को जागरूक करने के लिए विशेष पाठ्य सामग्री और ‘सुरक्षा पुस्तिका’ का विमोचन भी किया गया।
वैश्विक चुनौती और मध्यप्रदेश पुलिस का एक्शन प्लान
कार्यक्रम में मौजूद विशेष पुलिस महानिदेशक श्री पंकज कुमार श्रीवास्तव ने मादक पदार्थों के वैश्विक आंकड़ों को साझा करते हुए बताया कि दुनिया भर में करीब 33 करोड़ लोग नशे की लत से पीड़ित हैं। इस गंभीर चुनौती से निपटने के लिए एमपी पुलिस MD ड्रग्स और अन्य सिंथेटिक नशीली दवाओं की सप्लाई चेन को पूरी तरह ध्वस्त करने में जुटी है।
समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी
सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाहा ने कहा कि नशा नाश की जड़ है। पिछले वर्ष पुलिस और सामाजिक न्याय विभाग के संयुक्त प्रयासों को अभूतपूर्व सफलता मिली थी, और इस बार ‘नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0’ के माध्यम से इस जन-जागरूकता को गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा।
समारोह के अंत में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उपस्थित जनसमुदाय और अधिकारियों को नशा मुक्त मध्यप्रदेश बनाने की सामूहिक शपथ दिलाई और जागरूकता किट का वितरण किया। इस अवसर पर गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री संजय शुक्ला, उच्च शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री अनुपम राजन सहित पुलिस विभाग के आला अधिकारी उपस्थित थे।
जुड़िये हमारे व्हॉटशॉप अकाउंट से-




