मुख्यमंत्री बर्ड पार्क में पक्षियों की विविधता और विभिन्न प्रजातियों को देख कर अभिभूत हो गए। उन्होंने पक्षियों को स्वयं अपने हाथ से दाना खिलाया।

 मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने चिड़ियाघर के भ्रमण के दौरान शुतुरमुर्ग , पॉकेट मंकी और अन्य प्राणियों को निहारा। इस दौरान जनप्रतिनिधिगण, चिड़ियाघर निदेशक डॉ. उत्तम यादव एवं अन्य नागरिकगण उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कर्नाटक के पीलीकुला बायोलॉजिकल पार्क से लाए गए नर किंग कोबरा को स्नैक पार्क में छोड़ा। चूंकि इंदौर किंग कोबरा का प्राकृतिक आवास नहीं है, अतः चिड़ियाघर प्रबंधन द्वारा नर किंग कोबरा के लिए बनाए गए आवास की मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सराहना की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव सांपों के संरक्षण के लिए जोर देते हैं। इसी के तहत किंग कोबरा की ब्रीडिंग हेतु चिड़ियाघर में विशेष फेसिलिटी बनाई गई हैं। अभी तक प्राणी संग्रहालय में मादा किंग कोबरा थी, अब नर किंग कोबरा के आने से प्राकृतिक रूप से ब्रीडिंग हो सकेगी जो इको सिस्टम के लिए लाभप्रद सिद्ध होगी।

किंग कोबरा अपनी लंबाई, ज़हर और अनोखे व्यवहार के लिए जाना जाता है। यह दुनिया का सबसे लंबा विषैला साँप है, जिसकी लंबाई 18 फीट तक हो सकती है। किंग कोबरा को सबसे बुद्धिमान साँपों में से एक माना जाता है, क्योंकि यह परिस्थितियों के अनुसार अपने शिकार करने की रणनीति बदलता है। मादा किंग कोबरा अन्य साँपों से अलग होती हैं, क्योंकि वे घोंसला बनाकर अंडों को सेती हैं।