# उज्जैन के आयुर्वेद चिकित्सा शिविर में 118 रोगियों का परीक्षण, निःशुल्क औषधियां वितरित

- Link: https://avantikatimes.com/ujjain-ayurveda-camp-118-patients-free-medicines-november-2026/
- Published: 2026-11-18T23:54:31+05:30
- Author: DHANANJAY RAJORA

उज्जैन, 18 नवंबर। जिला आयुष कार्यालय उज्जैन द्वारा श्री राजेंद्र सूरी शताब्दी शोध
संस्थान परिसर में राष्ट्रीय सेवा योजना के आवासीय शिविर के अंतर्गत निःशुल्क आयुर्वेद
चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। जिला आयुष अधिकारी डॉ. मनीषा पाठक ने बताया कि शिविर
में 118 रोगियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क औषधियों का वितरण किया गया।

शिविर में आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. जितेंद्र जैन एवं डॉ. राजेश्वरी मेहरा ने 
रोगियों का उपचार किया। डॉ. जितेंद्र जैन ने शिविरार्थियों को आंवला नवमी के महत्व 
की जानकारी देते हुए बताया कि यह पर्व दीपावली के बाद कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की
नवमी तिथि को मनाया जाता है। आयुर्वेद में आंवले को धात्री कहा गया है, जिसका अर्थ 
माता या धाय मां होता है। आंवला शरीर को पोषण प्रदान करने वाला फल माना गया है।

## आयुर्वेद में आंवले का महत्व

डॉ. जैन के अनुसार आयुर्वेद में आंवले को शीत वीर्य वाला, मधुर विपाक एवं पंचरस युक्त
तथा त्रिदोषहर माना गया है। उन्होंने बताया कि आयुर्वेदिक मान्यता के अनुसार वात प्रकृति
में इसे तिल के तेल, पित्त विकृति में घी और कफ विकृति में शहद के साथ लिया जा सकता
है।

डॉ. राजेश्वरी मेहरा ने ब्रह्म रसायन, च्यवनप्राश और आमलक रसायन आदि योगों के बारे 
में जानकारी दी। शिविर में उदर रोग, ग्रहणी, विसूचिका, दुर्बलता, पांडु, कास और अर्श
सहित विभिन्न रोगों का उपचार किया गया।

## आरएसएस शिविरार्थियों और अधिकारियों की सहभागिता

इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम समन्वयक एवं सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय
के श्री शेखर मैदम्बर, जिला संगठक डॉ. प्रदीप लाखरे, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अलका चौहान,
प्रशिक्षक राहुल सिंह परिहार, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. नौरीन कुरैशी और डॉ. भरत धनगर 
सहित उज्जैन संभाग के छह जिलों से आए छात्र-छात्राएं एवं शिविरार्थी उपस्थित रहे। शिविर
में जिला आयुष कार्यालय के औषधि संयोजक श्री दिनेश करंजिया का विशेष सहयोग रहा।

शिविर के दौरान रोगियों को आयुर्वेदिक उपचार के साथ आंवले के पारंपरिक महत्व और उसके
उपयोग से जुड़ी जानकारी भी दी गई।

**स्रोत:** [मध्यप्रदेश जनसंपर्क विभाग (MPINFO)](https://www.mpinfo.org/)
