Shri Mahakaleshwar Temple
विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में भगवान श्री महाकालेश्वर जी के दर्शन हेतु प्रतिदिन देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पधारते हैं। ग्रीष्म ऋतु में लगातार बढ़ते तापमान को ध्यान में रखते हुए मंदिर प्रबंध समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
मंदिर प्रबंध समिति द्वारा संपूर्ण दर्शन पथ पर मैट (मेटिंग) बिछाई गई है, जिससे श्रद्धालुओं को गर्म जमीन के संपर्क से राहत मिल सके एवं नंगे पांव चलने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके साथ ही, दर्शन मार्ग के विभिन्न प्रमुख स्थलों पर शीतल पेयजल की समुचित व्यवस्था की गई है, जिससे श्रद्धालु गर्मी एवं लू के प्रभाव से सुरक्षित रह सकें।
यह भी पढ़े –
श्रद्धालुओं को गर्मी से राहत प्रदान करने हेतु मंदिर परिसर एवं दर्शन पथ पर कूलर के माध्यम से ठंडी एवं स्वच्छ हवा का सतत प्रवाह सुनिश्चित किया जा रहा है। इससे दर्शन के दौरान वातावरण को अधिक सुखद एवं आरामदायक बनाया गया है।
इसके अतिरिक्त, घुटन, निर्जलीकरण (डिहाइड्रेशन) एवं अन्य आकस्मिक स्वास्थ्य समस्याओं से निपटने के लिए मंदिर परिसर में आपात चिकित्सा व्यवस्था सुदृढ़ की गई है। प्रशिक्षित चिकित्सा स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई है, जो आवश्यकता पड़ने पर श्रद्धालुओं को तुरंत सहायता प्रदान कर सके।
मंदिर प्रबंध समिति द्वारा यह सभी व्यवस्थाएं श्रद्धालुओं के सुगम, सुरक्षित एवं सहज दर्शन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई हैं। समिति श्रद्धालुओं की सेवा एवं सुविधा के प्रति निरंतर प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी आवश्यकतानुसार व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ किया जाता रहेगा।
जुड़िये हमारे व्हॉटशॉप अकाउंट से-