# सीप-अंबर सिंचाई परियोजना शुरू, सीहोर के 76 गांवों को मिलेगा लाभ

- Link: https://avantikatimes.com/seep-amber-micro-irrigation-project-sehore-76-villages/
- Published: 2026-11-27T16:57:00+05:30
- Author: DHANANJAY RAJORA

सीहोर जिले के भैरूंदा क्षेत्र में किसानों को सिंचाई की स्थायी सुविधा उपलब्ध कराने
के उद्देश्य से तैयार सीप-अंबर माइक्रो सिंचाई परियोजना के दोनों चरणों का शुक्रवार
को लोकार्पण किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रिमोट का बटन दबाकर 536.23 करोड़
रुपये की लागत वाली इस परियोजना का शुभारंभ किया। परियोजना से बुधनी विधानसभा क्षेत्र
के भैरूंदा विकासखंड के 76 गांवों की 30,091 हेक्टेयर कृषि भूमि को बारहमासी सिंचाई
सुविधा मिलने का रास्ता खुला है।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में कहा कि खेतों तक पानी पहुंचना केवल सिंचाई सुविधा देना
नहीं, बल्कि किसानों की आय बढ़ाने, खेती को लाभकारी बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था 
को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि किसानों की समृद्धि ही प्रदेश की खुशहाली
का आधार है और सरकार किसानों को सुविधासंपन्न बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।

## भूमिगत पाइपलाइन से खेतों तक पहुंचेगा नर्मदा का पानी

सीप-अंबर परियोजना के माध्यम से नर्मदा नदी का पानी आधुनिक भूमिगत पाइपलाइन के जरिए
खेतों तक पहुंचाया जाएगा। इससे पानी का अधिकतम उपयोग संभव होगा। किसान स्प्रिंकलर और
ड्रिप इरीगेशन जैसी आधुनिक तकनीकों से फसलों की सिंचाई कर सकेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा
कि बुधनी क्षेत्र में मां नर्मदा का जल खेतों तक पहुंचने से किसानों को बड़ी राहत मिलेगी
और खेती को नई गति मिलेगी।

जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने बताया कि परियोजना से 8 हजार से अधिक किसानों 
को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश में सिंचाई का रकबा 100 लाख 
हेक्टेयर तक पहुंचाने का संकल्प लिया है।

## सीहोर जिले को 577.67 करोड़ रुपये के 19 विकास कार्यों की सौगात

मुख्यमंत्री ने सिंचाई परियोजना सहित सीहोर जिले में कुल 577.67 करोड़ रुपये की लागत
के 19 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें 575 करोड़ रुपये से अधिक 
लागत के 9 कार्यों का लोकार्पण तथा 2.61 करोड़ रुपये की लागत के 10 कार्यों का भूमिपूजन
शामिल है। लोकार्पित कार्यों में पांच सड़कें, सलकनपुर में रेस्ट हाउस, शासकीय कन्या
उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और प्रयोगशाला शामिल हैं। गोपालपुर में सामुदायिक भवन तथा
बगवाड़ा में सीसी रोड का भूमिपूजन किया गया।

## सिंचाई का रकबा बढ़ाने पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2002-03 तक प्रदेश में सिंचाई का रकबा लगभग 7.50 लाख हेक्टेयर
था। उनके संबोधन के अनुसार वर्ष 2023 तक यह बढ़कर 40 लाख हेक्टेयर हुआ और पिछले ढाई
वर्षों में इसमें 20 लाख हेक्टेयर की वृद्धि के साथ सिंचित क्षेत्र 60 लाख हेक्टेयर
से अधिक हो गया है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को दिन में भी बिजली उपलब्ध कराने
और ग्रामीण क्षेत्रों में 24 घंटे बिजली देने की दिशा में काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने किसान कल्याण वर्ष का उल्लेख करते हुए कहा कि खेती के साथ पशुपालन, 
डेयरी, बकरी पालन, कुक्कुट पालन और मत्स्य पालन को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। 
दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के साथ हुए समझौते का जिक्र
करते हुए उन्होंने मध्यप्रदेश को दुग्ध उत्पादन में देश का अग्रणी राज्य बनाने का लक्ष्य
बताया। प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों को प्रति गाय 1,000 रुपये मासिक सहायता देने
के निर्णय और मान्यता प्राप्त गौशालाओं के अनुदान को 20 रुपये से बढ़ाकर 40 रुपये प्रति
गौमाता करने की जानकारी भी दी।

## शिवराज सिंह चौहान ने इछावर क्षेत्र के लिए अतिरिक्त चरण की बात कही

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नई 
दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि
सीप-अंबर परियोजना से बुधनी-सीहोर क्षेत्र के 76 गांवों के किसानों को लाभ मिलेगा। 
उन्होंने इछावर क्षेत्र के कुछ गांवों तक पानी पहुंचाने के लिए योजना का एक और चरण 
शुरू करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि छीपानेर परियोजना पूरी होने पर खातेगांव
को भी सिंचाई का लाभ मिलेगा।

कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सीहोर जिले की प्रभारी मंत्री कृष्णा
गौर, बुधनी विधायक रमाकांत भार्गव, राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा सहित जनप्रतिनिधि 
और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।

स्रोत: मध्यप्रदेश जनसंपर्क विभाग। मूल विभागीय जानकारी के लिए [MPINFO](https://www.mpinfo.org/)
देखें।
