# मध्यप्रदेश में दो साल में तैयार होंगे 55 मेडिकल कॉलेज: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

- Link: https://avantikatimes.com/mp-55-medical-colleges-in-two-years/
- Published: 2026-11-26T17:39:00+05:30
- Author: DHANANJAY RAJORA

![पोलायकलां में निःशुल्क हृदय जांच शिविर अभियान से संबंधित आधिकारिक तस्वीर](https://
mpinfo.org/mpinfonew/photogallary/picture/Bhopal/Thursday,%20November%2026,%202026/
L-Bhopal261126032234.jpg)

**भोपाल/शाजापुर।** मध्यप्रदेश में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार
को लेकर राज्य सरकार की योजनाओं पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ा बयान दिया है।
उन्होंने कहा कि अगले दो वर्षों में प्रदेश में 55 चिकित्सा महाविद्यालय बनकर तैयार
होंगे। मुख्यमंत्री के अनुसार नए चिकित्सा महाविद्यालयों और अस्पतालों के विस्तार से
प्रदेश के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी और उपचार
के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भरता कम होगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव गुरुवार को मुख्यमंत्री निवास से शाजापुर जिले की पोलायकलां तहसील
में आयोजित निःशुल्क हृदय जांच शिविर अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित
कर रहे थे। यह शिविर राष्ट्रसेवी स्वर्गीय शालिगराम तोमर की पुण्यतिथि पर जिला प्रशासन
शाजापुर और पूर्णिमाश्री सेवा संगठन, उज्जैन द्वारा आयोजित किया गया। कार्यक्रम में
प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार विशेष रूप से उपस्थित थे।

## स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर

मुख्यमंत्री ने पोलायकलां में आयोजित निःशुल्क हृदय जांच शिविर को स्थानीय स्तर पर 
की गई सराहनीय पहल बताया। उन्होंने कहा कि विभिन्न स्वास्थ्य जांचों से लोगों को अपनी
बीमारी और स्वास्थ्य की स्थिति के बारे में समय रहते जानकारी मिल सकेगी। इससे जरूरत
के अनुसार सावधानियां बरतने और उपचार शुरू कराने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा
कि समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का विस्तार जरूरी है, ताकि लोग बीमारी के 
गंभीर होने से पहले जांच और इलाज के लिए आगे आएं।

डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार चिकित्सा सुविधाओं का लगातार विस्तार कर रही है। प्रदेश
के विभिन्न स्थानों पर चिकित्सालय और चिकित्सा महाविद्यालय शुरू किए जा रहे हैं। उन्होंने
कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार का उद्देश्य लोगों को अपने ही प्रदेश में उपचार
की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना है। आयुष्मान योजना से भी आम नागरिकों को उपचार में सहायता
मिली है।

## एयर एम्बुलेंस और राहवीर योजना का उल्लेख

मुख्यमंत्री ने गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के
लिए शुरू की गई एयर एम्बुलेंस सेवा का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं
में घायलों को सहायता और इलाज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राहवीर योजना संचालित है।
इसके साथ ही सभी जिलों में मानव गरिमा को ध्यान में रखते हुए शव वाहन उपलब्ध कराए गए
हैं।

उन्होंने विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत किसानों
के हित में कई फैसले लिए गए हैं। प्रदेश में सड़क नेटवर्क का लगातार विस्तार किया जा
रहा है। बेहतर सड़क संपर्क से व्यापार-व्यवसाय को गति मिलने के साथ शिक्षा के विस्तार
में भी मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने लाड़ली बहना योजना की निरंतरता, सांदीपनि विद्यालयों
के विकास और चिकित्सा महाविद्यालयों के विस्तार को भी सरकार के प्रयासों का हिस्सा 
बताया।

## शालिगराम तोमर के सामाजिक योगदान को किया याद

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्वर्गीय शालिगराम तोमर के व्यक्तित्व और कृतित्व को प्रेरणादायी
बताया। उन्होंने कहा कि सच्चाई को धारण कर अच्छाइयों को व्यवहार में उतारने की प्रतिभा
उनके जीवन में दिखाई देती थी। छोटे स्थान से आगे बढ़कर संगठन क्षमता के माध्यम से युवाओं
को सद्कार्यों से जोड़ना उनकी विशेषता रही। आपातकाल के कठिन और चुनौतीपूर्ण दौर में
भी उन्होंने लोगों को साहस और संबल दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय तोमर ने गौशाला से लेकर ग्राम विकास तक अनेक प्रकल्पों
में पहल की। उनके विचारों और कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाना समाज का दायित्व है। उन्होंने
केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने तथा प्रत्येक
पात्र हितग्राही को योजनाओं से जोड़ने में स्थानीय स्वयंसेवी संस्थाओं से सहयोग का 
आह्वान किया।

पोलायकलां में आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय विधायक और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन भी
उपस्थित रहे।

**स्रोत:** मध्यप्रदेश जनसंपर्क विभाग।
