# देवास में युवाओं से बोले मुख्यमंत्री: नौकरी मांगने वाले नहीं, रोजगार देने वाले भी बनें

- Link: https://avantikatimes.com/dewas-yashasvi-yuva-samvad-entrepreneurship-employment-2026/
- Published: 2026-11-27T22:56:51+05:30
- Author: DHANANJAY RAJORA

![देवास में यशस्वी युवा संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव](https://www.
mpinfo.org/mpinfonew/NewsImages/Bhopal/Friday,%20November%2027,%202026/TN5-Bhopal271126075854.
jpeg)

भोपाल/देवास। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि लोकतंत्र में सरकार और जनता के
बीच निरंतर संवाद जरूरी है। युवाओं को केवल सरकार की बातें सुनने तक सीमित नहीं रहना
चाहिए, बल्कि उन्हें अपने विचार और सुझाव रखने का अवसर भी मिलना चाहिए। मुख्यमंत्री
शुक्रवार को देवास में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान-2026 के तहत आयोजित यशस्वी युवा
संवाद कार्यक्रम में युवाओं से बातचीत कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने युवाओं को रोजगार और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित
करते हुए कहा कि युवा नौकरी पाने के साथ रोजगार देने वाले भी बनें। प्रदेश में उद्योगों
को प्रोत्साहित करने और रोजगारपरक इकाइयों को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न व्यवस्थाएं
की जा रही हैं। श्रमिकों के लिए प्रोत्साहन और अनुदान से जुड़ी व्यवस्थाओं के माध्यम
से उद्योगों के विस्तार और रोजगार सृजन पर जोर दिया जा रहा है।

## युवा उद्यमी ने साझा किया अनुभव

कार्यक्रम में युवा उद्यमी मिहिर करनावट ने कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में 
आधुनिक तकनीक के उपयोग से शुरू की गई अपनी पहल की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री
सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (PMFME) के अंतर्गत वित्तीय और तकनीकी सहायता लेकर
विनिर्माण इकाई स्थापित की। उनका उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण बेकरी और खाद्य उत्पादों के
जरिए स्थानीय स्तर पर रोजगार तथा उद्यमिता को बढ़ावा देना है।

## खेलों में भी रोजगार की संभावनाएं

मुख्यमंत्री ने युवाओं से खेलों को करियर के रूप में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने
कहा कि आज खेलों में बेहतर भविष्य और रोजगार की संभावनाएं बढ़ी हैं। अंतरराष्ट्रीय 
प्रतियोगिताओं में उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने हॉकी खिलाड़ी विवेक सागर
को पुलिस उप अधीक्षक पद पर नियुक्ति, एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि और आवास सुविधा
दिए जाने की जानकारी दी।

## आगामी वर्ष युवा वर्ष के रूप में मनाया जाएगा

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्तमान वर्ष किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है।
इसमें खेती-किसानी के साथ दुग्ध उत्पादन और पशुपालन जैसे आयवर्धक क्षेत्रों को भी जोड़ा
गया है। आगामी वर्ष को युवा वर्ष के रूप में मनाने की योजना है, जिसके अंतर्गत युवाओं
के लिए विभिन्न कार्यक्रम और गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

उन्होंने युवाओं से सकारात्मक सोच, प्रतिभा और नवाचार के माध्यम से प्रदेश के विकास
में भागीदारी निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, डॉ. सुदाम
खाड़े सहित अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

स्रोत: [मध्यप्रदेश जनसंपर्क विभाग](https://www.mpinfo.org/)
