# देवास में जनसमस्याओं के निराकरण पर जोर, मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान में मौके पर हुई कार्रवाई

- Link: https://avantikatimes.com/dewas-jan-vishwas-abhiyan-public-grievances-action-2026/
- Published: 2026-11-27T22:56:37+05:30
- Author: DHANANJAY RAJORA

![देवास में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव](https://
mpinfo.org/mpinfonew/photogallary/picture/Bhopal/Friday,%20November%2027,%202026/
S-271126081428113.jpg)

भोपाल/देवास। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान
जिला और मैदानी स्तर पर सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान-2026 चलाया
जा रहा है। अभियान के तहत प्रत्येक शुक्रवार को अधिकारी पूर्व से चिन्हित क्षेत्रों
का भ्रमण कर रहे हैं और विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतों का निराकरण किया जा रहा 
है।

मुख्यमंत्री के अनुसार अभियान की शुरुआत 7 अगस्त 2026 से हुई है। शुक्रवार को नियमित
समीक्षा बैठकों के स्थान पर जिला प्रशासन के अधिकारी कलेक्टर के निर्देशन में लोगों
के बीच पहुंचकर समस्याएं सुन रहे हैं। योजनाओं के हितग्राहियों को बुलाकर उनकी शिकायतों
की जांच की जाती है और शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई
भी की जा रही है।

## देवास में अधिकारी पर कार्रवाई और हितग्राहियों को सहायता

देवास में शिकायत के निराकरण में लापरवाही के मामले में उद्योग विभाग के महाप्रबंधक
के निलंबन के निर्देश दिए गए। एक सैनिक स्व. पवन यादव के परिवार को तत्काल 10 लाख रुपये
की सहायता देने की घोषणा भी की गई। मुख्यमंत्री ने बताया कि आवश्यक परीक्षण के बाद 
सैनिक को शहीद का दर्जा दिए जाने की स्थिति में प्रावधानों के अनुसार परिवार को एक 
करोड़ रुपये की सहायता और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने पर विचार किया जाएगा।

वन अधिकार पट्टाधारी किसान लाल सिंह को फसल बीमा राशि नहीं मिलने की समस्या पर 50 हजार
रुपये की तात्कालिक सहायता देने का निर्णय लिया गया। फसल मुआवजे का निर्धारण होने से
पहले यह सहायता देने के निर्देश दिए गए। अन्य आवेदकों की समस्याओं के समाधान के लिए
भी संबंधित विभागों को कार्रवाई करने को कहा गया।

## युवाओं और उद्योगों से भी संवाद

मुख्यमंत्री ने बताया कि अभियान के अंतर्गत युवाओं और उद्योगपतियों से संवाद कर उनकी
समस्याएं भी सुनी जा रही हैं। जिला स्तर पर विकास समितियां गठित की गई हैं। जनप्रतिनिधियों
और अधिकारियों के समन्वय से योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने तथा शिकायतों
का पारदर्शी और समयबद्ध निराकरण करने का प्रयास किया जा रहा है।

देवास में आयोजित कार्यक्रमों में सांसद, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, मुख्य सचिव 
और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

स्रोत: [मध्यप्रदेश जनसंपर्क विभाग](https://www.mpinfo.org/)
