
भोपाल/देवास। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि जबलपुर से देवास होते हुए इंदौर और उज्जैन तक औद्योगिक कॉरिडोर विकसित किया जा रहा है। इससे देवास में औद्योगिक विस्तार के लिए भूमि की उपलब्धता से जुड़ी चुनौतियों के समाधान में मदद मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री शुक्रवार को देवास में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत आयोजित उद्यमी संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में निवेश को बढ़ावा देने और उद्योगों के अनुकूल वातावरण तैयार करने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। देवास में पहले से स्थापित उद्योगों और स्थानीय उद्यमियों को प्रोत्साहन देना सरकार की प्राथमिकता है। औद्योगिक क्षेत्रों में बिजली, पानी और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
उद्योगों के लिए आधुनिक जांच प्रयोगशाला की योजना
मुख्यमंत्री ने कहा कि उद्यमियों के उत्पादों की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों की जांच के लिए आधुनिक प्रयोगशाला स्थापित करने की दिशा में काम किया जाएगा। देवास के निकट देश का पहला डीप टेक रिसर्च पार्क भी विकसित हो रहा है, जिससे उद्योगों को अनुसंधान और आधुनिक तकनीक का लाभ मिलने की संभावना है।
औद्योगिक पार्कों में आवासीय और व्यावसायिक गतिविधियां
मुख्यमंत्री के अनुसार औद्योगिक पार्कों में आवासीय और व्यावसायिक गतिविधियों के प्रावधान किए जा रहे हैं। इससे फाइव स्टार होटल, व्यावसायिक प्रतिष्ठान और श्रमिकों के आवास जैसी सुविधाएं विकसित करने का रास्ता खुलेगा। युवाओं के कौशल विकास, आधुनिक तकनीक, शिक्षा और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
उद्यमियों ने रखीं भूमि, पानी और ऋण से जुड़ी समस्याएं
संवाद में उद्यमी अशोक खंडेलिया ने बताया कि देवास में 1,100 से अधिक उद्योग संचालित हैं। विपिन जैन ने औद्योगिक इकाइयों के लिए भूमि और पानी की उपलब्धता का मुद्दा उठाया। अमरजीत सिंह खनूजा ने पुराने औद्योगिक क्षेत्रों की आधारभूत सुविधाओं के उन्नयन की जरूरत बताई।
उद्यमी मनीष ने देवास में फूड प्रोसेसिंग इकाई लगाने की इच्छा जताते हुए पानी की उपलब्धता और बैंक ऋण स्वीकृति प्रक्रिया को सरल बनाने का सुझाव दिया। दीपक लालवानी ने पशु आहार की गुणवत्ता जांचने के लिए प्रयोगशाला स्थापित करने की बात रखी। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को जांच और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
अनिल माहेश्वरी द्वारा भूमि आवंटन की समस्या उठाए जाने पर मुख्यमंत्री ने जिला उद्योग अधिकारी को एक सप्ताह के भीतर आवश्यक कार्रवाई कर निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। कार्यक्रम में सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी, विधायकगण, मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, मुख्यमंत्री कार्यालय के सचिव डॉ. सुदाम खाड़े और अन्य अधिकारी तथा उद्यमी मौजूद रहे।
स्रोत: मध्यप्रदेश जनसंपर्क विभाग