
भोपाल/देवास। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को देवास में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत आयोजित समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम में आवेदकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश देते हुए लापरवाही के मामलों में कार्रवाई भी की।
उद्योग विभाग के महाप्रबंधक निलंबित
एक आवेदक की समस्या का समय पर समाधान नहीं करने, संबंधित प्रकरण की नस्ती प्रस्तुत नहीं कर पाने और मामले के प्रति उदासीनता बरतने पर मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने देवास के महाप्रबंधक उद्योग रतन सिंह डावर को निलंबित करने के निर्देश दिए।
लाड़ली लक्ष्मी छात्रवृत्ति मामले में कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने आवेदिका सलोनी सिसोदिया से बातचीत में जाना कि लाड़ली लक्ष्मी योजना की छात्रवृत्ति उनके खाते में पहुंचने के बजाय दूसरे खाते में जमा हो गई थी। संबंधित पर्यवेक्षक द्वारा समय पर फॉलोअप नहीं किए जाने पर मुख्यमंत्री ने महिला एवं बाल विकास विभाग की पर्यवेक्षक की एक वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए।
सैनिक के परिवार और किसान को आर्थिक सहायता
मुख्यमंत्री ने सैनिक स्व. पवन यादव के परिवार को 10 लाख रुपये की तत्काल सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रकरण की जांच के बाद सैनिक को शहीद का दर्जा दिए जाने पर नियमानुसार एक करोड़ रुपये की सहायता और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने के प्रावधान पर कार्रवाई की जाएगी।
वन अधिकार पट्टाधारी किसान लाल सिंह को फसल बीमा की राशि नहीं मिलने पर 50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की गई। संबंधित अधिकारियों को भुगतान प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए गए।
नल-जल योजना के ठेकेदार पर एक लाख रुपये की पेनल्टी
आवेदक सुरेश मालवीय की नल-जल योजना से जुड़ी शिकायत पर लापरवाही के लिए संबंधित ठेकेदार पर एक लाख रुपये की पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में करण देवड़ा, नीरज दुबे, सलोनी सिसोदिया, हरेंद्र पांचाल और लाल सिंह सहित अन्य आवेदकों की समस्याएं सुनी गईं।
कार्यक्रम में मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, मुख्यमंत्री सचिवालय के सचिव डॉ. सुदाम खाड़े, संभागायुक्त आशीष सिंह, एडीजी राकेश गुप्ता, डीआईजी नवनीत भसीन, कलेक्टर नेहा मीना और पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
स्रोत: मध्यप्रदेश जनसंपर्क विभाग