आचार्य श्री विद्यासागर महाराज के त्याग, तपस्या, संयम और परोपकार के योगदान को स्मरण करते हुए भारतीय डाक विभाग ने उनकी स्मृति में पांच रुपये मूल्य का स्मारक डाक टिकट जारी किया है। भोपाल के एमपी नगर स्थित विद्योदय तीर्थ में शुक्रवार को आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इस स्मारक डाक टिकट का विमोचन किया। केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने नई दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में सहभागिता की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सच्ची महानता पद, प्रतिष्ठा या संपत्ति के प्रदर्शन में नहीं, बल्कि त्याग, तपस्या और जीव-जगत के कल्याण के लिए किए गए निःस्वार्थ कार्यों में होती है। उन्होंने आचार्य विद्यासागर महाराज को तप, त्याग, संयम और करुणा की प्रतिमूर्ति बताते हुए कहा कि उन्होंने अपना घर-परिवार त्यागकर साधना, भक्ति और जनकल्याण का मार्ग चुना।
‘जियो और जीने दो’ के संदेश को जीवन में उतारा
मुख्यमंत्री ने कहा कि आचार्य श्री विद्यासागर महाराज ने अमीर और गरीब सहित समाज के हर वर्ग के जीवन में ‘जियो और जीने दो’ के भाव को चरितार्थ किया। उनका भौतिक शरीर भले ही आज हमारे बीच नहीं है, लेकिन उनके विचार और आशीर्वाद समाज को प्रेरित करते रहेंगे। मुख्यमंत्री ने आचार्य के जीवन मूल्यों को याद करते हुए स्मारक डाक टिकट जारी करने के लिए केंद्र सरकार और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रति आभार व्यक्त किया।
संत समय सागर महाराज के सानिध्य में हुआ विमोचन
समारोह में पूज्य संत श्री समय सागर जी महाराज का सानिध्य रहा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने संत श्री समय सागर जी महाराज के पाद प्रक्षालन किए। इसके बाद उन्होंने आचार्य विद्यासागर महाराज के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित किया और चित्र का अनावरण किया। डाक विभाग की ओर से स्मारक डाक टिकट के साथ प्रथम दिवस आवरण विवरणिका का भी विमोचन किया गया।
कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, पूर्व मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह, विधायक आशीष शर्मा और देवेन्द्र जैन, मध्यप्रदेश हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष ओम जैन, भोपाल की महापौर मालती राय, मुख्य पोस्ट मास्टर जनरल विनीत माथुर, दिगम्बर जैन पंचायत समिति के अध्यक्ष पंकज जैन सुपारी सहित अन्य पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
दिगम्बर जैन पंचायत समिति के पदाधिकारियों ने आचार्य विद्यासागर महाराज के जीवन-दर्शन, पशु कल्याण और सामाजिक कार्यों सहित विभिन्न क्षेत्रों में उनके योगदान पर प्रकाश डाला।
स्रोत: मध्यप्रदेश जनसंपर्क विभाग। मूल विभागीय जानकारी के लिए MPINFO देखें।