Contents
Ujjain
कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह की अध्यक्षता में नगर निगम और स्मार्ट सिटी के कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक बुधवार शाम कलेक्टर कार्यालय सभागृह में आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने शहर में आवागमन को बाधित करने वाले अतिक्रमणों का चिन्हांकन कर कार्यवाही करने के निर्देश नगर निगम आयुक्त श्री अभिलाष मिश्रा को दिए। बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने स्मार्ट सिटी द्वारा 10 लाख पौधों के रोपण की कार्ययोजना में छायादार पौधों के रोपण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए है। साथ ही सामाजिक संस्थाओं को भागीदार बनाकर पौधारोपण के पश्चात रख-रखाव और उक्त पौधों की सुरक्षा के लिए भागीदार बनाने के निर्देश भी दिए।
बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने शहर में किए जा रहे सीवरेज प्रोजेक्ट के कार्य की एजेंसी को क्षमता बढ़ाने के निर्देश दिए, जिससे 1.2 कि.मी. प्रतिदिन पाइपलाईन बिछाने का कार्य का लक्ष्य सुनिश्चित किया जा सके। बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने संपत्ति कर, वाहन पार्किंग से आय बढ़ाने के निर्देश नगर निगम को दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने नगर निगम को व्यावसायिक संपत्तियों का चिन्हांकन पुन: करने के निर्देश दिए।
अपशिष्ट प्रबंधन और प्रोसेसिंग प्लांट्स की क्षमताएं बढ़ानें के निर्देश दिए
बैठक में नगर निगम द्वारा शासकीय योजनाओं के क्रियांवयन के लिए किए गए कार्यों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। बैठक में मौजूदा अपशिष्ट प्रबंधन और प्रोसेसिंग प्लांट्स की क्षमताएं बढ़ानें और फ्लावर वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट्स की क्षमता बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर श्री सिंह ने सिंहस्थ 2028 के दृष्टिगत श्रद्धालुओं द्वारा छोडे गए कपडों, जूते आदि के लिए भी कार्य योजना बनाने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने चरक भवन में सीवरेज लाईन का कार्य तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़े –
श्री महाकालेश्वर मंदिर में ग्रीष्म ऋतु के दौरान श्रद्धालुओं हेतु विशेष व्यवस्थाएं
बैठक में पीएम आवास, पीएम स्वनिधि 2.0, स्वच्छ भारत मिशन 2.0, दीनदयाल चलित रसोई योजना, पीएम विश्वकर्मा योजना, उज्जैन शहर की जलप्रदाय योजना, अमृत मिशन 2.0 अंतर्गत सीवरेज लाईन का कार्य, नेशनल क्लिन एयर प्रोग्राम आदि योजनाओं के क्रियांवयन की समीक्षा की गई। बैठक में जानकारी दी गई कि पीएम आवास योजना अंतर्गत 95.79 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। अभी तक 11083 आवास पूर्ण हो चुके है।
स्वच्छ भारत मिशन 2.0 अंतर्गत 55 नवीन शौचालय बनाए जा रहे है। पीएम स्वनिधि 2.0 योजना अंतर्गत 15 हजार रुपए राशि के 984, 25 हजार रुपए राशि के 4526 और 50 हजार रूपए राशि के 1475 प्रकरण स्वीकृत कर हितग्राहियों को लाभ दिया गया है। दीनदयाल चलित रसोई योजना अंतर्गत नगर निगम के आश्रय स्थलों और अन्य जगहों पर संतुलित आहार उपलब्ध कराया जा रहा है। पीएम विश्वकर्मा योजना अंतर्गत लक्ष्यानुसार शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण किया जा चुका है।
शहर की जल प्रदाय स्त्रोतों में जरुरत होने पर शिप्रा बैराज से भी जल ले सकेंगे
बैठक में उज्जैन शहर की जल प्रदाय स्त्रोतों के बारे में बताते हुए आगामी ग्रीष्म ऋतु में जल प्रदाय की योजना की जानकारी दी गई। बैठक में जानकारी दी गई कि आज दिनांक तक गंभीर बांध में 814.31, साहिबखेडी जलाशय में 137.5, उंडासा में 20.12 एम.सी.एफटी. जल उपलब्ध है। जरुरत होने पर शिप्रा बैराज से जल उपलब्ध रहेगा। बैठक में जानकारी दी गई कि शहर में 1787 हैंड पंप, 363 सिंगल फेस पंप, 20 में से 20 बूस्टर पंप चालू है।
बैठक में सीवरेज पाइप लाईन बिछाने के कार्य की समीक्षा की गई। बैठक में जानकारी दी गई कि इंदिरागांधी चौराहे से चामुंडा माता मंदिर तक पाइपलाईन शिफ्टिंग का कार्य 95 प्रतिशत तक पूर्ण हो चुका है। चरक भवन में सीवरेज पाइपलाईन बिछाने का कार्य प्रगतिरत है। बैठक में स्मार्ट सिटी द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में 10 लाख से अधिक पौधों के रोपण की कार्ययोजना भी प्रस्तुत की गई।
कार्ययोजना में जानकारी दी गई कि शहर के जलाशयों और शिप्रा नदी के किनारे 2 लाख 20 हजार पौधों का रोपण किया जाएगा। कलेक्टर श्री सिंह ने पौधारोपण के संबंध में निर्देश दिए कि जिला वन मंडलाधिकारी श्री अनुराग तिवारी से समन्वय कर पौधारोपण का कार्य करें। बैठक में जानकारी दी गई कि विक्रम व्यापार मेले से 06 करोड़ 35 लाख, वाहन पार्किंग से 1 करोड़ 24 लाख की आय नगर निगम को प्राप्त हुई है।
अवंति महिला आंत्रप्रेन्योर डेवलपमेंट अंतर्गत महिलाओं के स्टार्टअप को प्रोत्साहित किया जा रहा
बैठक में नेशनल क्लिन एयर प्रोग्राम अंतर्गत किए जा रहे 4 कार्यों को समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। बैठक में स्मार्ट सिटी द्वारा जानकारी दी गई कि उज्जैन इंक्यूबेशन सेंटर द्वारा प्रथम बेच में 20 स्टार्ट-अप ऑनबोर्ड किए गए है। उक्त स्टार्ट-अप एग्रीटेक, वेस्ट मैनेजमेंट, एजुकेशन टेक, ए-आई, सिंहस्थ 2028 क्राउड मैनेजमेंट आदि पर कार्य कर रहे है। 25 मार्च 2026 को प्रारंभ की गई अवंति महिला आंत्रप्रेन्योर डेवलपमेंट अंतर्गत महिलाओं के स्टार्टअप को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
जिले के 3 स्टार्टअप को आंत्रप्रेन्योर-इन-रेसिडेंट (EIR) स्किम अंतर्गत राज्य शासन द्वारा लाभ प्रदान किया गया है। बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री अभिलाष मिश्रा, जिला वन मंडलाधिकारी श्री अनुराग तिवारी, नगर निगम अपर आयुक्त श्री संतोष टैगोर, अपर आयुक्त श्री पवन कुमार सिंह, स्मार्ट सिटी सीईओ श्री संदीप शिवा और अन्य अधिकारी उपस्थित रहें।
जुड़िये हमारे व्हॉटशॉप अकाउंट से-